Janta Darshan: राजधानी लखनऊ में सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास में जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार जनसेवा, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है तथा हर जरूरतमंद की उचित समस्या का समाधान कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके.
सीएम से मिलने पहुंची बिहार की महिला
‘जनता दर्शन’ में बिहार से भी एक महिला मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं, मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन कर कुशलक्षेम पूछा. इस पर महिला ने कहा, “महाराज जी प्रणाम, हम बिहार से आए हैं. हमें कोई परेशानी नहीं है, बस आपके दर्शन करने आए हैं. महिला की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, इसलिए बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और परिवार के सभी सदस्यों का विशेष ध्यान रखें.
समुचित इलाज, जमीन मामलों में निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देशित किया कि पूरी तत्परता व संवेदनशीलता से सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सभी को न्याय मिले. हर पात्र को योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो. मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में शीघ्रता से निस्तारण के निर्देश दिए. ताकि आम जनता को राहत मिल सके और प्रशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत बना रहे.
इसे भी पढ़ें:-मुंबई में पकड़े गए बंगाल के बमबाज, आश्रम के पास बम फेंकने का मामला