बिहार में एक लाख शिक्षकों की होगी भर्ती,जाने कब से शुरू होंगे आवेदन

Bihar:बिहार में शिक्षक भर्ती के लिए इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। सरकार ने एक लाख शिक्षक भर्ती का ऐलान किया है। ये भर्ती पांच साल के दौरान होगी।

बिहार में अगले 5 वर्षों में एक लाख शिक्षकों की भर्ती होगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देते हुए बताया कि बैठक में शिक्षा मंत्री और ACS के अलावा कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि

5 वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके लिये हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जायेगा। 

शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर सरकार का फोकस

शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार चाहती है कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो. बैठक में स्कूलों की व्यवस्था, शिक्षकों की नियुक्ति, ट्रांसफर नीति और छात्रों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जाए, ताकि सरकारी स्कूलों की स्थिति और मजबूत हो सके. सरकार का मानना है कि नियमित भर्ती से स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर होगा और बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार मिलेगा.

स्कूल ड्रेस को लेकर भी फैसला सुनाया

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अब बिहार के सरकारी स्कूलों में बच्चों की यूनिफॉर्म की सप्लाई जीविका समूहों के जरिए कराई जाएगी. इससे दो फायदे होंगे पहला – बच्चों को समय पर स्कूल ड्रेस मिल सकेगी और दूसरा – महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा. सरकार का कहना है कि जीविका समूहों को इस काम से जोड़ने से ग्रामीण महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी. साथ ही यूनिफॉर्म वितरण में होने वाली देरी और गड़बड़ियों को भी कम किया जा सकेगा. यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *