चावल-दाल के स्टाक में लग रहे कीड़े? ये 7 देसी नुस्खे बचाएंगे पूरा अनाज

Food Storage Tips: घर में चावल, दाल और दूसरे अनाज को हम कितनी भी सावधानी से क्यों न रखें, कभी-कभी डिब्बा खोलते ही छोटे-छोटे कीड़े नजर आ जाते हैं. एयरटाइट डिब्बा, सूखे हाथ, सब कुछ करने के बाद भी घुन लग ही जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग पूरा अनाज फेंक देते हैं. लेकिन अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान देसी नुस्खों से आप चावल-दाल को कीड़ों से बचा भी सकते हैं और खराब हुए अनाज को बचा भी सकते हैं.

1. चावल में रख दें तेज पत्ता

चावल को कीड़ों से बचाने का सबसे आसान तरीका है तेज पत्ता. चावल के डिब्बे में 4 से 6 तेज पत्ते डाल दें और डिब्बा अच्छी तरह एयरटाइट बंद कर दें. तेज पत्ते की गंध से घुन और कीड़े पास नहीं आते.

2. लौंग की खुशबू से भागेंगे कीड़े

लौंग की तेज खुशबू कीड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं. चावल या दाल के डिब्बे में 8 से 10 लौंग डालकर रखें. चाहें तो लौंग के तेल का हल्का स्प्रे भी डिब्बे के आसपास कर सकते हैं.

3. लहसुन है सबसे असरदार

बिना छीले हुए लहसुन की 4-5 कलियां चावल या दाल के डिब्बे में रख दें. जब लहसुन सूखने लगे तो उसे बदलकर ताजा लहसुन रख दें. इससे महीनों तक कीड़े नहीं लगेंगे.

4. कीड़े लग जाएं तो फ्रिज में रखें

अगर चावल में घुन दिखने लगे तो उसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें. ठंड से कीड़े मर जाते हैं. इसके बाद चावल को छानकर धूप दिखाएं और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें. दाल को भी कम मात्रा में जिप लॉक में फ्रिज में रखा जा सकता है.

5. धूप है सबसे बड़ी दवा

कीड़े लगे चावल को साफ चादर पर फैलाकर एक दिन तेज धूप में रखें. दाल के लिए इसे 2 से 3 दिन तक करें. महीने में एक बार दाल-चावल को धूप दिखाने की आदत डाल लें, तो कीड़े कभी नहीं लगेंगे.

6. दाल में रखें सूखी नीम की टहनी

दादी-नानी का पुराना नुस्खा आज भी सबसे कारगर है. दाल के डिब्बे में सूखी नीम की एक टहनी रख दें. नीम की कड़वाहट और गंध कीड़ों को दूर रखती है.

7. सूखी लाल मिर्च भी आएगी काम

दाल के डिब्बे में 2 से 3 सूखी लाल मिर्च डाल दें. इससे दाल में कीड़े और छोटे-छोटे कीट नहीं लगते.

इसे भी पढ़ें:-दुनिया की 7 सबसे भूतिया जगह, जहां दिन में भी कांप जाते हैं लोग