नगरीय विकास विभाग में सरकारी नौकरी का मौका, टाउन प्लानर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी

MPPSC Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मध्य प्रदेश से अच्छी खबर आई है. मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने नगरीय विकास विभाग में असिस्टेंट टाउन प्लानर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए कुल 39 पद भरे जाएंगे. इस नौकरी में चयन होने पर उम्मीदवारों को अच्छी सैलरी और स्थायी सरकारी नौकरी का लाभ मिलेगा. आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 19 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

शैक्षणिक योग्यता और पात्रता मानदंड

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से नगर नियोजन या संबंधित विषय में चार वर्षीय स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है. इसके अतिरिक्त नगर नियोजन, शहरी नियोजन, ग्रामीण नियोजन, अधोसंरचना नियोजन, क्षेत्रीय नियोजन, यातायात एवं परिवहन नियोजन, भूदृश्य वास्तुकला, नगर रूपांकन या पर्यावरण नियोजन में एम.प्लान की डिग्री धारक भी आवेदन के पात्र हैं.

AITP (एसोसिएट ऑफ इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती के लिए योग्य माने जाएंगे. लेकिन यातायात और परिवहन में बीई या एमई की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार इस पद के लिए पात्र नहीं होंगे.

आयु सीमा

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 40 साल होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

इस पद पर चयन होने के बाद उम्मीदवारों को 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा. इसके साथ ही सरकारी भत्तों का भी लाभ दिया जाएगा, जिससे यह नौकरी और भी आकर्षक बन जाती है.

आवेदन शुल्क कितना लगेगा?

मध्य प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन क्रीमी लेयर), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है. वहीं सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा.

कैसे होगा चयन?

इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी.

कैसे करें आवेदन?
  • अप्लाई करने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर जाना होगा.
  • जिन अभ्यर्थियों ने पहले आयोग की किसी भी भर्ती में आवेदन किया है, वो सीधे अपने रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए लॉगइन कर सकते हैं.
  • नए कैंडिडेट्स को पहले New Registration के लिंक पर जाना होगा.
  • इसमें अपना मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नाम जैसी बेसिक सी जानकारी भरें. इनके आधार पर आपका रजिस्ट्रेशन नंबर क्रिएट हो जाएगा.
  • प्राप्त पंजीकरण संख्या के जरिए वेबसाइट पर लॉगइन करके संबंधित भर्ती के आवेदन लिंक पर जाएं.
  • अब जो-जो जानकारी मांगी जाती है, वो ध्यानपूर्वक भर दें. इसमें आपकी जन्मतिथि, कैटेगिरी, पता जैसी डिटेल्स होंगी.
  • अब अपना फोटोग्राफ, स्कैन किए हुए हस्ताक्षर स्कैन करके सही साइज में अपलोड करें.
  • कैटेगिरी के मुताबिक आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें.

इसे भी पढ़ें:-दुनिया का सबसे धार्मिक देश कौन? भारत है टॉप 5 में, पर नंबर 1 पर कौन? देखें लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *