आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की सुबह 10:40 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ लखनऊ से विमान से आकर खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वह सात घंटे शहर में रहेंगे। शाम 5.35 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रास्तों को होर्डिंग्स से पाट दिया गया है। जगह जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ता पुष्प वर्षा करके स्वागत करेंगे। फतेहाबाद रोड स्थित ताज विलास होटल में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक भाजपा ब्रज क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद होगा। उसके बाद ब्रज क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें होंगी। दोपहर तीन बजे फतेहाबाद रोड पर एसएनजे गोल्ड कन्वेंशन सेंटर में कोरोना योद्धा के रूप में चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी के साथ एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता भी मौजूद होंगे।