वाराणसी। वाराणसी के नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 14 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। सूचना मिलते ही गैरहाजिर कर्मचारी भागते हुए पहुंचे, लेकिन तब तक वेतन काटने का आदेश हो चुका था। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय में कई स्थानों पर गंदगी पाई गई। इस संबंध में सफाई निरीक्षक और नाजिर पर नाराजगी जाहिर की। इसे तत्काल साफ कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि समय से कार्यालय में उपस्थित होकर जनता से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करें।
इसके अलावा नगर निगम के सभी विभागों की समीक्षा बैठक की। जलकल, स्वास्थ्य, सामान्य, अभियंत्रण, परिवहन, मार्ग प्रकाश, प्रवर्तन दल के अधिकारियों के कार्यों के बारे में जानकारी ली। सभी को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के साथ करें। बैठक में अपर नगर आयुक्त देवी दयाल वर्मा, सुमित कुमार आदि शामिल रहे।