नगर निगम बनाएगा आवासीय कॉलोनी, स्टेडियम बनाने के लिए पास हुआ प्रस्ताव

गोरखपुर। अपनी आय के संसाधन बढ़ाने के लिए गोरखपुर नगर निगम शहर में आवासीय कॉलोनी बनाएगा। प्रारंभिक चरण में इसकी शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर से हो सकती है। नगर निगम का यह प्रोजेक्ट 150 से 200 करोड़ रुपये का हो सकता है। नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जा सकता है। शासन की ओर से नगर निगम को अपनी आय के संसाधन और स्रोतों को विकसित करने के लिए कहा जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम शहर में ग्रुप हाउसिंग, मल्टीस्टोरी बिल्डिंग और शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने के अलावा विभिन्न वार्डों में अपने छोटे-छोटे भूखंडों को नीलाम करने की योजना पर काम कर रहा है। योजना के क्रियान्वयन के लिए हाल ही में नगर निगम में शामिल 32 गांवों के अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में नगर निगम की संपत्तियों का विवरण तैयार किया जा रहा है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश के बाद नगर निगम की राजस्व विभाग की टीम इस कार्य में जुट गई है। शुरूआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर स्थित निगम की तकरीबन पांच एकड़ जमीन पर आवासीय योजना बनाने से की जा रही है। इस जगह निगम की आठ एकड़ जमीन थी, जिसमें से तीन एकड़ जल निगम को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए दी जा चुकी है। शेष पांच एकड़ जमीन में 250 से 300 प्लॉट बनाने की संभावना है। तीन हजार से 3500 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से प्लॉट बेचकर नगर निगम करोड़ों की आमदनी कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *