वाराणसी। मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात के कारण बनारस में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। अस्सी से राजघाट के बीच की नीचे की मढ़ियां और छोटे मंदिरों में गंगा प्रवेश कर गई हैं। पिछले 24 घंटे से तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर शाम को छह बजे 61.36 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 88 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। आषाढ़ में 13 से 25 जून तक हुई बरसात के दौरान गंगा का जलस्तर 60 मीटर से ऊपर चला गया था। इसके बाद से बरसात नहीं होने से जलस्तर कम होने लगा था। यह 58 मीटर तक पहुंच गया था। सावन की शुरूआत के साथ मैदानी और पहाड़ी इलाकों में शुरू हुई बरसात से बनारस में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 28 जुलाई को गंगा का जलस्तर 59.69 मीटर था, जो बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे 60.48 मीटर तक पहुंच गया। मिर्जापुर में गंगा का जलस्तर 66.87 मीटर, गाजीपुर में 53.54 मीटर और बलिया में 53.53 मीटर था।