Health News: भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा’ (QDENGA) को मंजूरी दे दी है. यह वैक्सीन गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को काफी हद तक कम करती है. डेंगू जानलेवा बीमारी है, जो 2025 में 1.21 लाख मामलों में 131 मौतों की वजह बनी.
क्यूडेंगा जापान की दवा कंपनी टाकेडा ने बनाई है. यह एक लाइव एटेन्यूएटेड वैक्सीन है. इसका मतलब है कि इसमें डेंगू के वायरस को कमजोर करके शरीर में डाला जाता है. यह वायरस बीमारी पैदा नहीं करता है. शरीर का इम्यून सिस्टम इसे पहचानकर इसके खिलाफ एंटीबॉडी जरूर बना लेता है.
कंपनी के बड़े पैमाने पर क्लिनिकल ट्रायल किए. इनमें 20,000 से ज्यादा बच्चों और वयस्कों को शामिल किया गया. ट्रायल से साबित हुआ कि यह वैक्सीन उन लोगों के लिए भी सुरक्षित है जिन्हें पहले कभी डेंगू नहीं हुआ. यही वजह है कि यह भारत जैसे देश के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है, जहां बड़े पैमाने पर जांच कराना एक बड़ी चुनौती है.
यह वैक्सीन 6 साल से लेकर 60 साल तक के लोगों को लगाई जा सकती है. इसकी दो डोज होती हैं, जिनके बीच 3 महीने का गैप रखना जरूरी है. पहली डोज के बाद शरीर में वायरस के खिलाफ शुरुआती सुरक्षा तैयार हो जाती है. दूसरी डोज इस सुरक्षा को लंबे समय के लिए मजबूत कर देती है.
इसे भी पढ़ें:-आयुर्वेद के अनुसार मानसून में कैसी होनी चाहिए डाइट, जानें क्या खाएं और क्या नही