पुणे में राजीव गांधी के नाम पर बनेगी विज्ञान आविष्कार नगरी

मुंबई। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार रखने के बाद राज्य की महाविकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार पूर्व प्रधानमंत्री पर मेहरबान हो गई है। राज्य सरकार ने पहले राजीव गांधी के नाम पर आईटी पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की, उसके बाद बुधवार को राज्य कैबिनेट ने पुणे के नजदीक पिंपरी-चिंचवड महापालिका क्षेत्र में भारत रत्न राजीव गांधी विज्ञान आविष्कार नगरी बनाने का फैसला किया है। राज्य मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका क्षेत्र में 8 एकड़ की जमीन पर भारत रत्न राजीव गांधी विज्ञान आविष्कार नगरी बनाई जाएगी। फिलहाल, उपलब्ध 8 एकड़ जमीन में से एक एकड़ जगह में पहले से ही विभागीय स्तर पर विज्ञान केंद्र बनाया गया है। बाकी बची 7 एकड़ जगह पर अगले पांच सालों में विज्ञान की विभिन्न अवधारणाओं पर आधारित विश्वस्तरीय भारत रत्न राजीव गांधी विज्ञान आविष्कार नगरी तैयार की जाएगी। केंद्र सरकार की इस योजना के लिए 191 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *