प्रदेश में शांति लाने में पुलिस की है अहम भूमिका: अर्जुन मुंडा

जम्मू-कश्मीर। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदेश में शांति लाने में जम्मू-कश्मीर पुलिस की भूमिका को अहम बताया है। वह शुक्रवार को बांदीपोरा जिला पुलिस लाइन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की तीसरी बटालियन के जवानों से मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश में आतंकवाद, नशीले पदार्थो की तस्करी जैसे विभिन्न मोर्चों पर सीआरपीएफ व पुलिस के साझा अभियानों की सराहना करते हुए इन्हें अहम बताया। केंद्रीय मंत्री को सीआरपीएफ की तीसरी बटालियन के कमांडेंट राकेश शर्मा ने जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए किए गए विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिस शहीदों को याद किया। दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री ने बांदीपोरा जिला अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। अस्पताल के कर्मचारियों और डॉक्टरों के साथ बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और उनसे अतिरिक्त जोश और उत्साह के साथ काम करना जारी रखने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *