2022 में डबल इंजन की सरकार के विकास से होगा बेड़ा पार: जेपी नड्डा

उत्तराखंड। डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के विकास का जो खाका तैयार किया है, आगामी विधानसभा चुनाव में इसी से बेड़ा पार होगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुछ इसी अंदाज में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एक बार फिर पुष्कर धामी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनने जा रही है। देहरादून के आईआरडीटी ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित तमाम नेताओं ने वर्चुअल संवाद में हिस्सा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा, कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यह कार्यकर्ता ही पार्टी की जीत सुनिश्चित करते हैं। पार्टी को अपने वायदो पर खरा उतरने के कारण ही जनता का आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है, जो नेताओं नहीं कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव लड़ती और जीतती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2014, 2017 व 2019 के चुनावों में प्रदेश की जनता ने पारदर्शिता, सुशासन और सेवा के आधार पर पार्टी को मौका दिया। उन्होंने कहा पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी 2022 में जनता के आशीर्वाद से दोबारा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कोरोनाकाल में जनकल्याण के निर्णय लिए गए। वहीं कोविड को हराने के लिए ऑक्सीजन, कोविड उपकरण व टीकाकरण किया गया। दुनिया में सबसे तेज गति का वैक्सीनेशन अभियान भारत में चला, जिस पर विपक्ष ने जनता को गुमराह करने का प्रयास भी किया लेकिन लेकिन जनता ने उनकी बातों में न आकर रिकॉर्ड वैक्सीनेशन करवाया। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि देश में मोदी व उत्तराखंड में धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। विकास के आयामों को छूते हुए ऑलवेदर रोड बनने से उत्तराखंड पर्यटन में नई ऊंचाइयों को छुएगा। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। विभिन्न योजनाएं संचालित हो रही हैं। सिटी गैस के तहत हरिद्वार, देहरादून को पाइप लाइन से गैस मिलने वाली है। उन्होंने अंत्योदय योजना की भी चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 27 लाख जन-धन खाते खुलवाए गए हैं। वहीं, उजाला योजना में 56 लाख एलईडी बल्ब वितरित किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना में उत्तराखंड के लोगों को लाभ दिया जा रहा है। किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष मिल रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह करने काम कर रही है। यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में किसानों के लिए कोई काम नहीं किया गया। हमारी सरकार ने एमएसपी में बढ़ोतरी कर किसानों को राहत दी है। मुख्यमंत्री रोजगार योजना से राज्य में तीन लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पॉलिसी बनाई गई है। एक रुपये में पानी का कनेक्शन दिया जा रहा है। उत्तराखंड का निर्माण अटल सरकार में भाजपा ने किया है और राज्य को संवारने का काम नरेंद्र मोदी सरकार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *