Aaj ka mausam: देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ भले ही कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल रहा है, लेकिन जाते-जाते भी तबाही के संकेत दे रहा है. मौसम विभाग ने आज 4 नवंबर के लिए देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है.
कहां-कहां सबसे ज्यादा खतरा?
IMD के मुताबिक, तूफान का सबसे ज्यादा असर तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में देखने को मिलेगा. यहां आज बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार में भी मध्यम से भारी बारिश होगी.ओडिशा में तो 3 से 7 नवंबर तक लगातार बारिश का दौर चलेगा. दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति जिले में प्रशासन अलर्ट पर है.
90 Kmph की हवा, फसलों को खतरा
विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जगहों पर 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी. इससे केले और पपीते जैसे छोटे पेड़ उखड़ सकते हैं, पेड़ों की टहनियां टूट सकती हैं. खड़ी फसलें, बागवानी और कच्चे मकानों को भारी नुकसान का डर है. किसानों को सलाह दी गई है कि फसल को सुरक्षित जगह पर रखें.
दिल्ली-UP-बिहार का हाल
दिल्ली-NCR: राहत की खबर है. आज दिल्ली में मौसम साफ रहेगा. सुबह हल्की धुंध रहेगी. अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 17°C रहेगा.
उत्तर प्रदेश: यूपी में मुरासु का कोई असर नहीं है. प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि पिछले दिनों की बारिश से सुबह-शाम गुलाबी ठंड बढ़ गई है.
बिहार-झारखंड: बिहार के चंपारण, सिवान, गोपालगंज, पटना में मौसम साफ रहेगा. झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है.
इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी, जानिए आपके शहर में क्या है ईंधन का रेट?