सभी रेस्तरां और भोजनालयों को आधी रात तक खोलने की महाराष्ट्र सरकार ने दी इजाजत

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र सरकार ने सभी रेस्तरां और भोजनालयों को आधी रात तक खोलने की इजाजत दे दी है। महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंते ने इससे जुड़ा आदेश जारी किया। एक दिन पहले ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य की कोविड टास्क फोर्स के साथ बैठक की थी। इसमें अधिकारियों को रेस्तरां और दुकानों के काम करने के घंटे बढ़ाने से जुड़ी गाइडलाइंस तैयार करने के लिए कहा गया था। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया, सभी रेस्तरां और भोजनालयों को मध्यरात्रि 12 बजे तक संचालन की अनुमति दी जाती है और अन्य प्रतिष्ठान जिन्हें संचालन की अनुमति दी गई है, वे रात 11 बजे तक संचालन कर सकते हैं। राज्य सरकार ने पहले ही कोरोना केसों की घटती संख्या को देखते हुए 22 अक्टूबर से मनोरंजन पार्क, सिनेमाघरों और नाट्य मंचों को खोलने की भी इजाजत दे दी। हालांकि मनोरंजन पार्क में वाटर राइड की अनुमति अभी नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *