आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान की जा रही प्रोत्साहन राशि का सीएम ने डीबीटी के माध्यम से किया शुभारंभ

उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान की जा रही प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से शुभारंभ किया। इसका 33 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा। हर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के दौरान आंगनबाड़ी की बहनों ने जान जोखिम में डालकर कार्य किया। कोविड के दौरान सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें पारितोषिक दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों के लिए बड़ा निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 दिन पूर्व उन्हें प्रदेश के मुख्य सेवक की जिम्मेदारी मिली। इन 100 दिनों में 300 से अधिक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अंतिम पंक्ति के लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 तक उत्तराखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास कर रही है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी बहनों के साथ किया वायदा निभाया है। डीबीटी के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनों के खाते में धनराशि भेजी जा रही है। कार्यक्रम में सचिव महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास हरि चंद्र सेमवाल, उपनिदेशक डॉ. एसके सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन के रूप में 40 करोड़ की धनराशि दी जा रही है। कोविड काल में फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम पर पांच महीने तक उन्हें हर महीने दो हजार, कोविड रोकथाम एवं बचाव कार्य के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा पर एक हजार एवं रक्षाबंधन के अवसर पर प्रोत्साहन राशि के रूप में एक हजार की धनराशि कुल 12 हजार की धनराशि उन्हें दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *