Assembly Elections 2026: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतदान हो गए हैं. इन चुनावों में बीजेपी को तीन राज्यों में बड़ी जीत मिली है. बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और असम में बहुमत हासिल कर लिया है. वहीं पुडुचेरी में भी बीजेपी अपने सहयोगी दल एआईएनआरसी के साथ सरकार बनाने जा रही है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के साथ ही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और उनके कई मंत्री चुनाव हार गए. ममता बनर्जी अपने गृह क्षेत्र भवानीपुर में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से 15,105 मतों से हार गईं.
15 साल के शासन का अंत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया. तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया है. पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है. हालांकि, फाल्टा में मतदान रद्द होने के कारण 293 निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती हुई और इस वजह से फिलहाल बहुमत का आंकड़ा 147 है. पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों में सेंध लगाई और शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अपना जनाधार बढ़ाया.
पीएम मोदी ने कहा-असम ने भाजपा-एनडीए को एक बार फिर आशीर्वाद दिया
प्रधानमंत्री ने कहा, “असम ने भाजपा-एनडीए को एक बार फिर आशीर्वाद दिया. विधानसभा चुनावों में भाजपा-एनडीए की जीत हमारे गठबंधन के विकास और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के प्रति अटूट समर्थन को दर्शाती है. मैं असम के अपने सभी भाइयों और बहनों को इस शानदार जनादेश के लिए धन्यवाद देता हूं. मैं उन्हें यह भी आश्वासन देता हूं कि हम राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे. मैं असम की जनता के बीच अथक परिश्रम करने वाले सभी भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं. पिछले एक दशक में हमारी पार्टी और गठबंधन की प्रगति सराहनीय है. उनके प्रयासों से ही हमारा सकारात्मक एजेंडा जनता के दिलों में जगह बना पाया है.