बायोटिन बालों और त्वचा के लिए है बेहद जरूरी

हेल्‍थ। बायोटिन त्वचा और बालों की समस्या से परेशान लोगों के लिए बहुत लाभकारी माना जाता रहा है। तो क्या सभी लोगों को नियमित रूप से इसके सप्लीमेंट्स का सेवन करना चाहिए, जिससे आपको कभी बालों की समस्या न हो? इस बारे में जानने से पहले यह जानना जरूरी है कि आखिर बायोटिन है क्या?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ के मुताबिक, बायोटिन असल में विटामिन-बी का ही एक तत्व है, जिसे विटामिन बी-7  के नाम से भी जाना जाता है। शोध से पता चलता है कि बायोटिन, त्वचा के हाइड्रेशन, चिकनाई और निखार को बेहतर करने के साथ बालों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्‍यक है। वयस्कों के लिए प्रतिदिन 30-100 माइक्रोग्राम की मात्रा में इसकी जरूरी होती है, जोकि आहार के माध्यम से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आहार की कुछ चीजों से इसकी मात्रा आसानी से प्राप्त की जा सकती है। बिना डॉक्टरी सलाह के बायोटिन सप्लीमेंट्स का सेवन नहीं करना चाहिए, इसके कई प्रकार के साइड-इफेक्ट्स का भी खतरा हो सकता है। आइए बायोटिन सप्लीमेंट्स से होने वाले नुकसान और आहार से इसे कैसे प्राप्त किया जा सकता है, इस बारे में विस्‍तार से जानते हैं।

बायोटिन सप्लीमेंट्स की सावधानियां

डॉक्टर बताते हैं कि कुछ स्थितियों में स्वास्थ्य विशेषज्ञ आपको बायोटिन सप्लीमेंट्स के सेवन की सलाह दे सकते हैं, जैसे बालों का झड़ना या त्वचा की समस्या आदि, पर सभी को इसकी आवश्‍यकता हो यह जरूरी नहीं है। बिना डॉक्टरी सलाह के इसका सेवन करने से पेट में दर्द, सोने में परेशानी और अत्यधिक प्यास लगने के साथ इंसुलिन और किडनी से संबंधित समस्याओं का खतरा हो सकता है।
हमेशा आहार के माध्यम से ही इसकी पूर्ति की कोशिश करें। तो चलिए जानते हैं कि इसके लिए किन चीजों का सेवन किया जा सकता है?

अंडे का सेवन :-
अंडे की जर्दी को बायोटिन का अच्छा स्रोत माना जाता है। एक अंडे से लगभग 10 माइक्रोग्राम तक बायोटिन प्राप्त किया जा सकता है। अधिकतम लाभ के लिए हमेशा अंडे को पका कर ही खाना चाहिए। कच्चे अंडे की सफेदी में डाइटरी एविडिन नामक प्रोटीन होता है, जो बायोटिन से बाइंड हो जाता है। ऐसे में शरीर के लिए इसे अवशोषित करना कठिन बना देता है। उबले या पका कर खाने से पाचन की समस्या को कम कर सकते हैं।

सूखे मेवों का सेवन :-
नट और सीड्स शरीर के लिए कई प्रकार से लाभकारी हैं, इससे पर्याप्त मात्रा में बायोटिन भी प्राप्त किया जा सकता है। बादाम, मूंगफली, अखरोट और पेकान जैसे नट्स को आहार का हिस्सा बनाकर शरीर के लिए इस पोषक तत्व की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। एक चौथाई कप भुने हुए बादाम में 1.5 माइक्रोग्राम तक बायोटिन होता है। इसी तरह सूरजमुखी के बीज में 2.6 माइक्रोग्राम तक बायोटिन होता है।

एवोकाडो का सेवन :-
बहुत से लाभकारी फलों में से एवोकाडो का एक अलग ही महत्‍व है, इससे भी बायोटिन की जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकते हैं। 100 ग्राम एवोकाडो में 8-10 माइक्रोग्राम तक बायोटिन होता है। नट्स और सीड्स की तरह, एवोकाडो भी बायोटिन और विटामिन-ई से भरपूर होता है, जो बालों और त्वचा को स्वस्थ रखने वाले जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। इसे आहार में जरूर शामिल करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *