भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पांच दिसंबर को जाएंगे बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को नई दिल्ली जाएंगे। वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से मिलेंगे। वह रविवार को उन्हीं के साथ लौटेंगे और बिलासपुर में होने जा रहे कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप और हिमाचल प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा पांच दिसंबर को दिल्ली से चंडीगढ़ आएंगे। फिर हेलीकाप्टर से चंडीगढ़ से बिलासपुर के लुहणू मैदान बिलासपुर में सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल सरकार के प्रमुख मंत्रीगण, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, विधायक सुभाष ठाकुर, जिला अध्यक्ष स्वतंत्र संख्यान एवं भाजपा के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि पांच दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर स्थित एम्स का निरीक्षण करेंगे। इस दिन एम्स की ओपीडी शुरू करेंगे। पांच दिसंबर को लगभग चार बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दिल्ली कार्यालय में उनके 61वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *