By Election Result 2026: देश के पांच राज्यों की 7 असेंबली सीटों पर हुए उपचुनाव को लेकर काउंटिंग जारी है। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, गुजरात और महाराष्ट्र की सात सीटों पर हुए उपचुनाव में 8 बजे से काउंटिंग चल रही है। रुझानों में बीजेपी उपचुनाव में भी बढ़त बनाए हुए नजर आ रही। इन 7 सीटों पर मौजूदा विधायकों के निधन के बाद पिछले महीने उपचुनाव हुए थे।
महाराष्ट्र उपचुनाव में कौन आगे?
महाराष्ट्र की दो सीटों पर उपचुनाव हुए हैं, जिनमें ‘बारामती’ सबसे हॉट सीट बनी हुई है.
- बारामती सीट से सुनेत्रा पवार आगे चल रही है. यह सीट पवार परिवार का गढ़ मानी जाती है.
- अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार यहां से NCP की उम्मीदवार हैं. सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव में किसी प्रमुख राजनीतिक दल की एकमात्र उम्मीदवार हैं. एनसीपी नेता धनंजय मुंडे की अलग रह रहीं पत्नी करुणा मुंडे सहित 22 निर्दलीय उम्मीदवार भी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
- राहुरी सीट से भाजपा उम्मीदवार अक्षय करदिले आगे चल रहे हैं.
- महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा सीट पिछले साल अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी करदिले के निधन के बाद से खाली है. उनके बेटे अक्षय करदिले भाजपा के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला एनसीपी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन अघाड़ी के संतोष चालके से है.
कर्नाटक उपचुनाव के रुझान
कर्नाटक में दो वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों- एचवाई मेटी (बागलकोट) और शमनूर शिवशंकरप्पा (दावणगेरे दक्षिण) के निधन के बाद उपचुनाव हुए.
- बागलकोट सीट से कांग्रेस के उमेश मेटी आगे चल रहे हैं. भाजपा से वीरभद्रैया चरंतिमठ और कांग्रेस से उमेश मेटी के बीच मुकाबला है.
- दावणगेरे दक्षिण सीट से भाजपा के श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा आगे चल रहे हैं. इनका कांग्रेस के समर्थ मल्लिकार्जुन से मुकाबला है.
गुजरात: उमरेठ विधानसभा उपचुनाव
- गुजरात के आनंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट से बीजेपी के हर्षद परमार आगे चल रहे हैं.
- भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद चुनाव हुआ. यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के हर्षद परमार (दिवंगत विधायक के बेटे) और कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान के बीच है.
नागालैंड: कोरिडांग विधानसभा उपचुनाव
- नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में कोरिडांग विधानसभा सीट से बीजेपी के दाओचियर आई. इमचेन आगे चल रहे हैं.
- यहां पर उपचुनाव मौजूदा भाजपा विधायक इमकोंग एल. इमचेन के निधन के कारण हुआ है. इस सीट के लिए चुनावी मैदान में कुल छह उम्मीदवार हैं, जिनमें भाजपा प्रत्याशी दाओचियर आई. इमचेन मुख्य भूमिका में हैं; उन्हें नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक एलायंस (PDA) सरकार का सर्वसम्मत उम्मीदवार बनाया गया है. इनके अलावा, कांग्रेस की ओर से टी चालुकुंबा आओ और एनपीपी (NPP) की तरफ से आई अबेनजांग मैदान में हैं, जबकि इमचातोबा इमचेन, इम्तीवापांग और तोशिकाबा निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
त्रिपुरा: धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव
- त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट पर भाजपा के जहर चक्रवर्ती आगे चल रहे हैं.
- यहां उपचुनाव पिछले दिसंबर में विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक बिस्वा बंधु सेन के निधन के कारण हुआ है. असम और मिजोरम की सीमाओं से सटा यह चुनावी क्षेत्र साल 2008 से ही या तो कांग्रेस या फिर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है. यहां से सत्ताधारी भाजपा के जहर चक्रवर्ती, कांग्रेस के चयन भट्टाचार्जी और सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के अमिताभ दत्ता चुनावी मैदान में हैं.