दिल्ली में आज से बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली। दिल्‍ली में ठंड का कहर जारी है। दिल्ली में 12 साल बाद सबसे लंबी शीत लहर रही है। इस साल जनवरी में आठ दिन ऐसे रहे हैं जब तापमान चार डिग्री से काफी कम रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह शीत लहर का आठवां दिन था। इससे पहले 5 से 9 जनवरी तक न्यूनतम तापमान चार डिग्री से कम और 16 से 18 जनवरी तक तापमान तीन डिग्री से कम दर्ज हुआ था।

अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार रात से हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 23 से 24 जनवरी को फिर से हल्की बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है।

अब तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 24 जनवरी तक अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री पहुंचने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 19.6 और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार तक शीत लहर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया था।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अब शीत लहर से राहत मिलेगी। गुरुवार से शीत लहर का प्रकोप खत्म हो जाएगा। 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहने का अनुमान है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ना केवल तापमान में बढ़ोतरी होगी बल्कि गुरुवार रात को हल्की बूंदाबांदी व बारिश का अनुमान है। आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है। वहीं 20 से 22 जनवरी तक सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *