हॉकी वर्ल्ड कप: आज वेल्स से भारत का तीसरा मैच

स्‍पोर्ट्स। ओडिशा में खेले जा रहे 15वें हॉकी वर्ल्ड कप में भारत को क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश के लिए गुरुवार को वेल्स पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। यह मैच शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। पूल डी में भारत और इंग्लैंड के चार-चार अंक हैं, लेकिन इंग्लैंड ज्यादा गोल करने की वजह से शीर्ष पर है। इसके साथ ही इंग्लैंड भी अपने अंतिम मुकाबले में स्पेन पर जीत दर्ज कर पूल डी में शीर्ष पर बने रहने का प्रयास करेगा।

भारत ने अपने पहले मैच में स्पेन को 2-0 से हराया था, जबकि दूसरा मुकाबला इंग्लैंड के साथ गोल रहित ड्रॉ खेला। इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में वेल्स पर 5-0 की जीत दर्ज की थी। तीसरे स्थान पर चल रहे स्पेन ने वेल्स को 5-1 से हराया था। इस पूल में अंतिम स्थान पर चल रहे वेल्स को छोड़कर शेष तीनों देश अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने के दावेदार हैं। विश्वकप में खेल रही 16 देशों की टीमों को 4-4 के पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल के पहले नंबर की टीम को सीधे अंतिम आठ का टिकट मिलेगा। शेष चार टीमें क्रॉस ओवर के जरिये क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

भारत और वेल्स के बीच अब तक कुल तीन हॉकी मुकाबले हुए हैं। इनमें भारतीय टीम ने सभी मैच जीते हैं। भारत ने तीनों बार 2014, 2018 और 2022 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान वेल्स को हराया था। पिछले साल बर्मिंघम में भारत ने वेल्स पर 4-1 की जीत दर्ज की थी। विश्वकप में पहली बार दोनों देश आमने-सामने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *