प्रकृति की खूबसूरती का खजाना है कुर्ग

यात्रा। पहाड़ों की सैर मन को  कर देती है। साफ़, ताज़ी हवा फेफड़ों को शक्ति देती है और साथ ही लम्बी दूरियों तक पैदल चलने से पूरे शरीर का व्यायाम हो जाता है। यही करण है कि अक्सर मन की शांति और शरीर के स्वास्थ्य के लिए डॉक्टर भी पहाड़ों पर जाने की सलाह देते हैं। दूर-दूर तक फैली हरियाली, पंछियों की मधुर आवाज़ और मन को ख़ुशी देती हवा के झोंके, सबकुछ मिलकर एक अद्भुत वातावरण की रचना कर डालते हैं। ऐसा ही माहौल है भारत के दक्षिणी हिस्से में मौजूद कुर्ग और उसके आस पास के पहाड़। यहाँ आप जंगल, पहाड़, नदियों, झरनों जैसे हर प्राकृतिक नजारे का आनंद उठा सकते हैं। साथ ही प्रकृति के बीच रहकर अद्भुत वातावरण से मित्रता भी कर सकते हैं।

ये पहाड़ियां हैं खास:-
वैसे तो कुर्ग का पूरा इलाका ही खूबसूरत है लेकिन अगर आप ट्रैंकिंग और एडवेंचर दोनों पसंद करते हैं तो खासकर यहाँ की कुछ पहाड़ियां आपके लिए बढ़िया विकल्प हो सकती हैं। ये पहाड़ियां कुर्ग की यात्रा को और भी अच्छा बना सकती हैं। यहां ट्रैकिंग से लेकर बर्ड वॉचिंग, वाइल्ड लाइफ और हरे भरे जंगलों में झरनों के रूप में बहती प्रकृति के बीच बहुत आनंद से समय बिताया जा सकता है।

तड़ीअंडमोल:-
कर्नाटक क्षेत्र की सबसे ऊँची चोटी में से एक के रूप में पहचान प्राप्त इस पहाड़ी पर घने जंगल और ताज़ी हवा दोनों भरपूर हैं। यह करीब 5,700 फ़ीट की ऊंचाई पर है, इसलिए ट्रैकिंग के लिए अच्छा ख़ासा लम्बा रास्ता तय किया जा सकता है। रास्ते में जगह-जगह झरने और कॉफी, काली मिर्च के पौधे भी आपका स्वागत करेंगे। ऊंचाई पर होने की वजह से यहाँ से आस-पास का नजारा और भी खूबसूरत बन जाता है और यही कारण है कि यहाँ लोग फोटोग्राफी के लिए भी बड़ी संख्या में आते हैं।

पुष्पगिरी:-
वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के लिए प्रसिद्ध यह पहाड़ी अपनी सुंदरता से सबका मन मोह लेती है। यहाँ कई तरह के पंछी मौजूद होते हैं, लिहाजा यह बर्ड वॉचिंग के लिए एक शानदार विकल्प है। यहाँ के कुमारा पर्वत से दिखाई देने वाला नजारा सबसे मनमोहक है। इसकी चोटी से निकलती नदी और हरे भरे जंगल हाइकिंग के शौकीनों के लिए दावत की तरह हैं। यही कारण है कि न केवल आस पास के बल्कि देश-विदेश के कई हिस्सों से लोग यहाँ ट्रैकिंग के लिए आते हैं।

ब्रह्मगिरि:-  
नदी में अठखेली करते हाथियों के झुण्ड और खूबसूरत पक्षी इस रास्ते में आपको रूककर साथ समय बिताने पर मजबूर करेंगे। यह भी एक वाइल्ड लाइफ सेंचुरी है और अगर भाग्य ने आपका साथ दिया तो यहाँ अन्य बड़े जानवर भी आसानी से रास्ते में घूमते दिखाई दे सकते हैं। इसके अलावा घने पेड़ों से भरे जंगल और हरियाली से भरपूर मैदान तो हैं ही। रास्ते में पड़ेंगे कई छोटे-छोटे झरने और इस स्थान का खास आकर्षण थिरुनेलाई मंदिर और इरुप्पु फॉल्स भी। साथ में स्थित पक्षिपातालम में मौजूद गुफाएं रहस्य और इतिहास दोनों की आकर्षक तस्वीर आपके सामने प्रस्तुत करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *