दिसंबर माह में अयोध्या जाएंगे मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे

मुंबई। मराठी मानुष की राजनीति करने वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे धीरे-धीरे हिंदुत्व के मुद्दे पर लौट रहे हैं। दीपावली के बाद आगामी दिसंबर महीने में उनका अयोध्या दौरा प्रस्तावित है, जिसमें वे हिंदुत्व के एजेंडे को धार देंगे। माना जा रहा है कि राज ठाकरे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से पहले एक बार फिर नए तेवर में नजर आ सकते हैं। दो साल पहले अपनी पार्टी का झंडा बदलने के बाद राज ठाकरे हिंदुत्व से जुड़े मुद्दे सामने रख रहे हैं। इसलिए उनका अयोध्या दौरा इसी बदलते रुख का संकेत माना जा रहा है। सोमवार को साध्वी गुरुमां कंचन गिरी और जगद्गुरु सूर्याचार्य महाराज ने मनसे अध्यक्ष के दादर स्थित आवास कृष्णकुंज में मुलाकात की। उनके बीच हिंदूराष्ट्र के संकल्प को लेकर चर्चा हुई। इससे पहले साध्वी कंचनगिरी और सूर्याचार्य महाराज ने शिवाजी पार्क में दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। मनसे में राज ठाकरे के बाद नंबर दो के नेता समझे जाने वाले बाला नांदगांवकर ने कहा कि संतों को हिंदू राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने के लिए राज ठाकरे से अपेक्षाएं हैं। कुछ दिनों पहले राज ठाकरे अयोध्या जाने वाले थे। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर की वजह से वह दौरा रद्द कर दिया गया। अब दिसंबर महीने तक राज ठाकरे अयोध्या दौरा हो सकता है। इसके बाद मनसे का यह एजेंडा शिवसेना को परेशान कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *