हाईवे पर 50 की रफ्तार से तेज नहीं दौड़ेंगे दोपहिया वाहन

उत्तराखंड। रुड़की शहर में हाईवे पर दोपहिया वाहन अब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज नहीं चल पाएंगे। अगर वाहन की रफ्तार अधिक पाई गई तो पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनजर डीआईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने दोपहिया समेत सभी वाहनों के लिए गति सीमा का निर्धारण किया है। इसके लिए रुड़की, मंगलौर और झबरेड़ा क्षेत्र में हाईवे पर कई प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। यहां वाहनों की रफ्तार पर यातायात और सीपीयू की पैनी नजर भी रहेगी। हरिद्वार जिले में सड़क हादसों के बढ़ते आंकड़ों ने पुलिस अधिकारियों को चिंता बढ़ा दी है। जिले में पिछले पांच महीने के पुलिस आंकड़ों पर गौर करें तो 149 सड़क हादसे हुए हैं। इनमें से 95 लोगों की मौत हो गई जबकि 122 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा जून से अक्टूबर तक 92 सड़क हादसे ओवर स्पीड की वजह से हुए हैं। इनमें से 62 लोगों की मौत हुई और 72 लोग घायल हुए हैं। हादसों पर अंकुश लगाने और वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने के लिए डीआईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नगर निकायों के अधिकारियों की बैठक ली थी। इसके बाद सभी विभागों के अधिकारियों गति निर्धारित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *