India-china relations: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत आने से पहले ही चाइना सदर्न एयरलाइंस से एक अहम जानकारी सामने आई है. भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट फिर से शुरू हो रही है. करीब छह साल तक बंद रही यह सेवा दोबारा शुरू होने के साथ भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को एक बार फिर मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. बता दें कि जिनपिंग सात साल बाद भारत के दौरे पर आ रहे हैं.
एयरलाइन के मुताबिक, सेवा बहाल होने के बाद वह दक्षिण एशिया में अपने आठ राउंड-ट्रिप रूट पर हर सप्ताह 100 से अधिक उड़ानों का संचालन करेगी. इससे दोनों देशों के बीच कारोबार, पर्यटन और आवाजाही को भी गति मिलने की उम्मीद है.
हाल के वर्षों में तनाव कम करने और संवाद बढ़ाने की कूटनीतिक प्रक्रिया के बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा और दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत को अहम माना जाता है. शीर्ष स्तर पर संवाद का सीधा असर हमेशा तत्काल नहीं दिखता, लेकिन इससे कारोबार, यात्रा और संपर्क बहाल करने के लिए माहौल तैयार होता है. ऐसे में चाइना सदर्न की उड़ान सेवा की वापसी को दोनों देशों के संबंधों में धीरे-धीरे आ रही नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा सकता है.
इसे भी पढे़ं:-BRICS समिट की शुरुआत आज, दिल्ली पर टिकीं दुनिया की नजरें