शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है योग, कल मनाया जाएगा 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

International Yoga Day 2026: दुनियांभर में कल 12वां अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. यह हर साल 21 जून को मनाया जाता है. योग सिर्फ़ एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन बनाने का एक प्राचीन भारतीय विज्ञान है. आज दुनिया भर में योग की लोकप्रियता तेज़ी से बढ़ रही है और लाखों लोगों ने इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया है.

देश भर में 2500 स्थानों पर आयोजन होगा योग दिवस कार्यक्रम

इस बार अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा. आयुष मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के समन्वित प्रयासों से, इस वर्ष विश्व भर में लगभग 2500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इन कार्यक्रमों में 210 से अधिक भारतीय दूतावासों की भागीदारी सामूहिक कल्याण के लिए एक वैश्विक आंदोलन के रूप में योग की भूमिका को दर्शाती है.

सभ्यता की विरासतः योग का इतिहास

योग विश्व की सबसे पुरानी ज्ञान परंपराओं में से एक है. इसकी जड़ें सिंधु सरस्वती सभ्यता (ईसा पूर्व 2700) तक मिलती हैं. संस्कृत से उपजे ‘योग’ शब्द का अर्थ जोड़ना या एकताबद्ध करना है. इस तरह, यह शरीर और मन के मिलन का प्रतीक है. योग अभ्यासों का जिक्र वेदों, उपनिषदों तथा बौद्ध और जैन परंपराओं के अलावा महाभारत और रामायण में भी मिलता है.

संयुक्तराष्ट्र ने इसके सार्वभौमिक आकर्षण और लाभों को मान्यता देते हुए 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया. इस संबंध में प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्तराष्ट्र से 69वें अधिवेशन में पेश किया. इस प्रस्ताव का 175 सदस्य देशों ने समर्थन किया. पहला आईडीवाई 21 जून 2015 को मनाया गया. यूनेस्को ने 2016 में योग को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासतों की अपनी प्रतिनिधि सूची में शामिल किया. स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवन और आंतरिक संतुलन के लिए एक जन-आंदोलन बन चुका है. आज, इसे 190 से अधिक देशों में मनाया जाता है.

इसे भी पढ़ें:-पूर्वांचल रेल यात्रियों को बड़ी राहत, दिल्ली से मऊ के लिए चलेंगी और दो नई ट्रेनें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *