जानें मौसम का हाल…

नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून-2022 अधिकतर राज्यों में अब लौट रहा है और वर्षाऋतु की विदाई और शीतकाल के आगमन का संकेत हो रहा है। आज के मौसम की बात करें तो यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड समेत कुछ राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं अधिकांश राज्यों में मौसम खुश्क रहेगा। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है और इनकी चोटियों पर बर्फ नजर आने लगी है।

आज तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश अथवा एक दो जगह भारी बारिश हो सकती है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है।

दिल्ली में छाए रहेंगे बादल:-
राजधानी दिल्ली व एनसीआर की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि यहां बादल छाए रहेंगे। अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। चालू मानसून काल अब समापन की ओर है। बंगाल की खाड़ी व चक्रवाती हवाओं के चलते नमी मिलने से देश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन उत्तर पश्चिम व मध्य भारत से मानसून लगभग विदा हो चुकाहै।

उत्तर भारत में भी मानसून लौटने लगा है। अब हवा की दिशा बदलने लगी है और पश्चिम की शुष्क बयार बहने लगी है। इसके उत्तरी होते ही कंपकंपी का दौर शुरू हो जाएगा। उधर, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *