जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने रविवार को अवाम की आवाज कार्यक्रम को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने प्रदेश के लोगों द्वारा भेजे गए जरूरी सुझावों और उनके कामों का जिक्र किया। और साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी अपनी बात रखी।
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि, आज से दो दिन बाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। योग विशुद्ध रूप से विज्ञान है। योग चेतना और शारीरिक स्वास्थ्य का उच्चतम स्तर है। बहुत से वैज्ञानिक अध्ययन इसकी पुष्टि करते हैं कि योगासन इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ-साथ शरीर की एकाग्रता और सक्रियता को बढ़ाने में मदद करते हैं। योग के द्वारा अनुशासित हो कर शरीर के अंदर स्वास्थ्य उचित व्यवस्था निर्मित की जा सकती है।
श्रीनगर में महिलाओं के लिए चले पिंक बसें:-
श्रीनगर की महरीन अल्ताफ ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन पर पुनर्विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा है कि, जिले में व्यस्त सड़कों पर महिलाओं के लिए विशेष पिंक बसें शुरू की जानी चाहिए।
साथ ही अन्य बसों में भी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें होनी चाहिए। इससे महिलाओं को सुविधा मिलेगी। एलजी मनोज सिन्हा ने ट्रांसपोर्ट विभाग से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कचरे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का सुझाव:-
जम्मू की निधि गोयल ने कचरे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के नीति अपनाने का सुझाव दिया है। निधि के अनुसार, जम्मू का स्मार्ट सिटी के निर्माण की तरफ कदम तभी बढ़ेगा जब लोग स्वच्छता से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करेंगे। इसके लिए लोगों को अपने व्यवहार को बदलना होगा। उन्होंने कचरा फैलाने पर जुर्माना लगाने की भी सुझाव दिया।