नाश्ते में बनाएं टेस्टी सूजी उत्तपम

रेसि‍पी। साउथ इंडियन फूड पसंद करने वालों के बीच में उत्तपम काफी लोकप्रिय है। उत्तपम स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होता है। सूजी उत्तपम का स्वाद भी लाजवाब होता है और ये बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। ब्रेकफास्ट के लिए सूजी उत्तपम एक परफेक्ट फूड डिश है। अगर आप नाश्ते में रोज एक जैसी चीजें खा-खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया टेस्ट चाहते हैं तो सूजी उत्तपम एक बढ़िया विकल्प हो सकता है।

साउथ इंडियन फूड में इडली, डोसा, मेदूवड़ा की तरह ही उत्तपम को भी काफी पसंद किया जाता है। इसे बनाना भी आसान है। दाल-चावल के बैटर से तैयार किये जाने वाले उत्तपम में काफी वक्त लग जाता है लेकिन सूजी से बना उत्तपम आसानी से जल्द तैयार हो जाता है। आपने अगर कभी सूजी उत्तपम की रेसिपी को ट्राई नहीं किया है तो हमारी बताई विधि की मदद से बेहद आसानी से बना सकते हैं।

सूजी उत्तपम बनाने के लिए सामग्री:- 
सूजी – 1 कप
दही – 3/4 कप
टमाटर कटा – 1
पत्तागोभी कटी – 1/2 कप
शिमला मिर्च कटी – 1/4 कप
हरी मिर्च – 1
हरा धनिया – 2-3 टेबलस्पून
अदरक कद्दूकस – 1 टी स्पून
बेकिंग सोडा – जरूरत के अनुसार
राई – 1/4 टी स्पून
तेल – 2-3 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार

सूजी उत्तपम बनाने की विधि:-
नाश्ते में टेस्टी सूजी उत्तपम बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी डालें। अब सूजी में दही डालकर दोनों को अच्छी तरह से मिक्स करें। इसके बाद इस मिश्रण में थोड़ा सा पानी मिलाएं और पकोड़े के घोल जैसा बैटर तैयार कर लें। अब इस घोल में बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस अदरक और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें। इसके बाद बैटर को ढककर 15 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि बैटर फूल सके।

अब शिमला मिर्च, पत्तागोभी, टमाटर को बारीक काट लें और एक बाउल में डालकर मिलाकर रख लें। तय समय के बाद बैटर को लें और उसमें बेकिंग सोडा डालकर मिक्स कर दें। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिला सकते हैं। अब एक नॉनस्टिक पैन/तवा लेकर मीडियम आंच पर गर्म करें। तवा गर्म होने के बाद उस पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों तरफ फैला दें। इसमें थोड़ी सी राई डालकर फैलाएं।

अब उत्तपम का बैटर लें और जब राई चटकने लगे तो तवे पर 2 कटोरी उत्तपम का बैटर डालकर गोल-गोल करते हुए फैला दें। अब उत्तपम के ऊपर कटी सब्जियां टमाटर, पत्तागोभी और शिमला मिर्च डालकर एक जैसी फैलाएं। ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डाल दें। अब थोड़ा सा तेल उत्तपम के चारों ओर डाल दें और करछी के पिछले हिस्से से सब्जियों को उत्तपम पर दबाकर पकाएं। सुनहरा होने तक उत्तपम को दोनों ओर से पलटते हुए सेक लें। नाश्ते के लिए टेस्टी उत्तपम बनकर तैयार है। इसी तरह सारे बैटर से सूजी उत्तपम तैयार कर लें। इसे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *