नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बने बालेन शाह, हिंदू रीति-रिवाजों से गुंजायमान हुआ राष्ट्रपति भवन

Nepal: काठमांडू महानगरपालिका के पूर्व मेयर और ‘राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी’ (आरएसपी) के फायरब्रांड नेता बालेन शाह ने शुक्रवार (27 मार्च) को नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. संविधान की धारा 76(1) के तहत यह नियुक्ति की गई है. इस समारोह में उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत और पूर्व प्रधानमंत्रियों समेत कई दिग्गज मौजूद रहे.

हिंदू रीति-रिवाजों से गुंजायमान हुआ राष्ट्रपति भवन

बालेन शाह को राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह पूरी तरह हिंदू परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ. जैसे ही शाह ने शपथ लेना शुरू किया, सात शंखनादकों ने शंख ध्वनि से वातावरण को भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया. यह पहली बार था जब नेपाल के किसी शीर्ष पद के शपथ ग्रहण में इस स्तर पर पारंपरिक मांगलिक प्रतीकों का प्रयोग देखा गया.

युवाओं के हाथ में देश की कमान

सूत्रों के अनुसार, शाह की नई कैबिनेट में ऊर्जा और तकनीकी दक्षता का मेल दिखेगा. आरएसपी ने 14 मंत्रियों के नामों की सूची राष्ट्रपति को सौंपी है. इसमें सबसे चर्चित नाम सुदन गुरुंग का है, जिन्हें देश का अगला गृह मंत्री बनाया जा सकता है. गोरखा-2 सीट से जीतकर आए गुरुंग ‘जेन जी’ आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे हैं और युवाओं के बीच उनकी गहरी पैठ है.

संसद में भारी बहुमत के साथ वापसी

प्रधानमंत्री बनने से पहले गुरुवार (26 मार्च) को बालेन ने प्रतिनिधि सभा (HoR) के सदस्य के रूप में शपथ ली थी. सितंबर 2025 में ‘जेन-जी’ (Gen-Z) युवाओं के बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछली संसद को भंग कर दिया गया था. इसके बाद 5 मार्च 2026 को हुए चुनावों के बाद नई संसद की पहली बैठक गुरुवार को हुई. वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी ने नए सांसदों को शपथ दिलाई. यह कार्यक्रम सिंह दरबार में निर्माणाधीन मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित किया गया.

चुनाव परिणामों का पूरा गणित

निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च को घोषित आंकड़ों के अनुसार, इस बार बालेन शाह की ‘राष्ट्रिय स्वतंत्र पार्टी’ (RSP) सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है. 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में RSP ने कुल 182 सीटें जीती हैं. अन्य पार्टियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

  • नेपाली कांग्रेस (NC): 38 सीटें
  • CPN-UML: 25 सीटें
  • नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (NCP): 17 सीटें
  • श्रम संस्कृति पार्टी: 7 सीटें
  • राष्ट्रिय प्रजातंत्र पार्टी (RPP): 5 सीटें

इसे भी पढ़ें:-अयोध्या में प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर हुआ सूर्य तिलक, कड़ी सुरक्षा के बीच मनाई जा रही रामनवमी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *