Draupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन आज, PM मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई

President Draupadi Murmu: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबे जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई। लोगों के कल्याण के लिए ज्ञान, गरिमा और प्रतिबद्धता की वह एक प्रकाशस्तंभ हैं। राष्ट्र की प्रगति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है। उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।’

बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज अपने जन्‍मदिन पर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले हौज खास, दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि ‘राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। राष्ट्र सेवा व समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपका समर्पण प्रेरणीय है। प्रशासनिक व जनसेवा के क्षेत्र में आपके अनुभव का लाभ देश को मिल रहा है। आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’

वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘नारी सशक्तिकरण की सशक्त हस्ताक्षर, मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके आरोग्यपूर्ण एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना है।’

वहीं इन सभी के अलावा भी असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा व मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। और स्‍वस्‍थ व दीर्घायु रहने की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *