New Delhi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया और नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यदि सभी विभाग और संस्थान सामूहिक रूप से कार्य करें तो किसी भी कठिनाई का सामना किया जा सकता है। उन्होंने मंत्रियों के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि NEET री-एग्जाम को बिना किसी परेशानी के संपन्न कराना देश की प्रशासनिक क्षमता और टीमवर्क का प्रमाण है।
जानकारी के मुताबिक परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस ऑथेंटिकेशन, सीसीटीवी निगरानी, सिग्नल जैमर और दो-स्तरीय तलाशी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गईं। इसके अलावा राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए, जहां से परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की गई।
बता दे कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान भी प्रधानमंत्री ने ऊर्जा की कमी से आम जनता को होने वाली परेशानी को रोकने के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय के महत्व पर बल दिया था। पीएम मोदी ने पहले ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भारतीयों को सहायता प्रदान करने के लिए सभी मंत्रालयों के संयुक्त और समन्वित प्रयासों का आह्वान किया था।