New Delhi: देशभर में आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है. बकरीद त्योहार के अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है. उन्होने एक्स हैंडल पर लिखा “ईद-उल-अधा की हार्दिक शुभकामनाएं! ईश्वर करे कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे. सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना.”
राष्ट्रपति ने भी दी बकरीद की बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी बकरीद की बधाई दी. बकरीद को समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह पर्व हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है. राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल ने एक पोस्ट में लिखा, ‘ईद-उल-अजहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं. यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है. यह पर्व हमें मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है. आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें.’
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था टाइट
ईद-उल-अधा उत्सव के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक जैसे प्रमुख राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था टाइट की गई है. कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन निगरानी, यातायात में बदलाव और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी जैसे उपाय किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानें आज का ताजा रेट