PM मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर देशवासियों को दी बधाई, यूपी में पांच करोड़ होगा पौधरोपण, सीएम करेंगे शुरुआत

New Delhi: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे लोगों की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह दिन पर्यावरण की रक्षा और सतत विकास (सस्टेनेबल ग्रोथ) के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत करने का अवसर है. बता दें कि पृथ्वी पर जीवन को बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने हेतु संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अंतर्गत, यह दिवस वर्ष 1973 से हर साल 5 जून को मनाया जाता है.

पीएम ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को शुभकामनाएं. मैं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित सभी लोगों की सराहना करता हूं. उन्होंने कहा कि यह दिन हमें पर्यावरण की सुरक्षा और सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए अपने संकल्प को दोहराने की याद दिलाता है.

”एक पेड़ मां के नाम” अभियान

उत्तर प्रदेश में आज ”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पूरे राज्य में 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुकरैल वन क्षेत्र से इस वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे. यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. वन विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य कार्यक्रम होगा. कुकरैल वन क्षेत्र में मुख्यमंत्री 200 से अधिक पौधे लगाएंगे.

यह अभियान प्रदेश के 17 नगर निगमों में चलेगा. साथ ही 825 विकास खंडों और 762 नगर निकायों में भी पौधरोपण होगा. सभी ग्राम पंचायतों में भी यह अभियान पूरे दिन चलेगा. ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और नगर विकास विभाग इसमें सहयोग करेंगे.

इसे भी पढ़ें:-असम मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 12 विधायक लेंगे मंत्रीपद की शपथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *