PM मोदी ने छोटा किया अपने काफिले का साइज, पेट्रोल-डीजल और सोने की अपील पर खुद पेश किया उदाहरण

PM Modi Convoy: देश की जनता से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने की अपील के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा फैसला किया है. सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने अपने काफिले को 50 फीसदी कम कर दिया है. यह परिवर्तन सुरक्षा मानकों से समझौता किए बिना हुआ है और इसे PM मोदी की तरफ से खुद उदाहरण पेश करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है.

सुरक्षा घटाए बिना कम किए गए काफिले के वाहन

जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने अपनी हालिया वडोदरा और गुवाहाटी यात्रा के दौरान काफिले में शामिल वाहनों की संख्या को पहले के मुकाबले कम किया. खास बात रही कि इस निर्णय में SPG के सुरक्षा प्रोटोकॉल को पूरी तरह से बरकरार रखा गया. यानी पीएम मोदी के काफिले में सुरक्षा से जुड़े जरूरी वाहन यथावत रहे, लेकिन बाकी गाड़ियों को सीमित किया गया.

PM मोदी ने आगे आकर खुद पेश किया उदाहरण

गौरतलब है कि हैदराबाद में अपने भाषण के तुरंत बाद पीएम मोदी के काफिले के साइज में कटौती की गई. इसको प्रशासनिक दक्षता, सार्वजनिक सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन से जोड़कर भी देखा जा रहा है. अक्सर VVIP मूवमेंट के दौरान, लंबा जाम लग जाता है और आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है. वहीं, ईंधन के भी मितव्ययिता से खर्च करने की प्रधानमंत्री की अपील के बाद उन्होंने खुद अपना काफिला छोटा कर सकारात्मक संदेश दिया.

सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

वहीं, इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ हुई बैठक में निर्देश दिया था कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में तत्काल 50 फीसदी की कमी की जाए. साथ ही, काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाने के भी निर्देश दिए गए थे. 

दिया गया संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का संदेश

सियासी और प्रशासनिक हलकों में भी PM मोदी के इस निर्णय की चर्चा तेज हो गई है. यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में सीएम से लेकर मंत्री तक का काफिला छोटा करने के निर्देश जारी किए गए हैं. इससे सरकारी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और गैरजरूरी खर्च में कमी लाने का मैसेज लोगों के बीच जाएगा. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने यह भी तय किया है कि काफिले का साइज कम होने के बावजूद PM मोदी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरीके से मजबूत बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी ने प्रतीक यादव के निधन पर जताया शोक, बोले- अपर्णा यादव के पति का अचानक निधन बेहद दुखद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *