Sawan 2023: CM योगी ने जन कल्याण के लिए गोरखनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक

Gorakhpur news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की शुरुआत पर आज मंगलवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनकल्याण के लिए रुद्राभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने हवन किया। बता दें कि सावन का पवित्र महिना आज यानी 4 जुलाई दिन मंगवार से आरंभ हो गया। इस बार सावन का ये पवित्र महिना 59 दिनों का होगा।

मुख्‍यमंत्री ने इस एक घंटे तक चले अनुष्ठान में आम के रस, 11 लीटर दूध, जल, दही, घी, शक्कर, शहद, गंगा जल और गन्ने के रस से महादेव भगवान शिव का अभिषेक किया। उन्हें बेलपत्र, सफेद कमल, लाल कमल, कनेर, शमी पत्र, दूब, कुशा, राई, गुड़हल, धतूरा, भांग और श्रीफल भी चढ़ाया।

इस रुद्राभिषेक अनुष्ठान की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। उसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और द्वादश ज्योतिर्लिंग का पूरे विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पूजन किया।

मुख्‍यमंत्री की आज मंगवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में दिनचर्या परंपरागत रही। आज प्रात: ही तड़के पांच बजे करीब उन्होंने सबसे पहले बाबा गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और उनकी पूजा-अर्चना की। उसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। हमेशा की तरह मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद वह गोशाला में गए और आधे घंटे गायों के बीच रहे। उन्हें दुलारा-पुचकारा और अपने हाथ से गुड़-चना भी खिलाया।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *