Weather news: भारत में गर्मी की दस्तक के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. एक ओर जहां उत्तर-भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और तेज हवाओं की भविष्यवाणी है तो वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार हैं.
दिल्ली में फिर आ रही बारिश
दिल्ली में मौसम विभाग ने 18 मार्च को फिर से बारिश के संकेत दिए हैं. आईएमडी ने आज के लिए मौसम साफ रहने की बात कही है. आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक जाएगा. 17 मार्च को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने वाला है. 18 मार्च को मौसम फिर एक बार बदलेगा और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दस्तक देगी. 19 से 21 मार्च को मौसम सामान्य रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक जाएगा.
यूपी में बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में तेज गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. सोमवार को कई जिलों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. IMD के मुताबिक सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है.
MP-बिहार में कब करवट लेगा मौसम?
मध्य प्रदेश में 17 मार्च के बाद मौसम करवट लेगा. बिहार में भी इसी तारीख से मौसम के पलटी मारने की खबर है. दोनों ही प्रदेशों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते तेज आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है. एमपी के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार में बारिश के संकेत हैं. बिहार में 20 मार्च तक अधिकांश जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है.
उत्तराखंड और हिमाचल का मौसम
उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. देहरादून और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है. हिमाचल के शिमला, मनाली और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. पहाड़ी इलाकों में कोहरा देखने को मिल सकता है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों पर लगा ब्रेक, जानिए क्या है आपके शहर में भाव