Weather news: मौसम में बदलाव का दौर जारी है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का क्रम चल रहा है. दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश की चेतावनी है. 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. राजधानी दिल्ली में मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके मुताबिक बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर (8 अप्रैल से 11 अप्रैल)
राजधानी दिल्ली के लिए मौसम विभाग (IMD) ने 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवा, बादल छाए रहने, बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. एक या दो बार बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है. 9 अप्रैल को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने की उम्मीद है और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
यूपी के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश ने लखनऊ समेत कई क्षेत्रों को प्रभावित किया. राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहे, बिजली चमकी और हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भी ऐसा ही मौसम रहा. विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के आगरा तक कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई. बुधवार को भी यूपी के कई जिलों में बारिश की आशंक जताई है.
बिहार भारी बारिश की चेतावनी
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पटना, नालंदा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, अररिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
उत्तराखंड
नैनीताल, देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.
भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर में जीवन अस्त-व्यस्त
इस बीच, भारी बारिश के कारण जम्मू क्षेत्र में शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया. इसके अतिरिक्त, रामबन जिले में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा. आईएमडी ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने 36 घंटों से इस क्षेत्र को प्रभावित किया है, जिससे भारी बारिश, तापमान में भारी गिरावट और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
हिमाचल में भी जगह-जगह भूस्खलन
इसी तरह, हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश ने राज्य के ऊपरी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जहां चंबा और लाहौल एवं स्पीति जिलों की सीमा पर भूस्खलन की एक बड़ी घटना घटी है.
इसे भी पढ़ें:-जहां भेदभाव, वहीं है भय: दिव्य मोरारी बापू