यूपी समेत कई राज्यों में फिर एक्टिव हुआ मानसून, अगले 14 घंटों तक भारी बारिश का अलर्ट

Weather today: देश भर में मानसून का तांडव अब अपने सबसे खतरनाक दौर में पहुंच चुका है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई राज्यों में सोमवार को बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है.

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आज अगले 14 घंटे देश के कई राज्यों के लिए बेहद भारी पड़ सकते हैं. उत्तर भारत से लेकर मैदानी और तटीय इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है, जिससे भारी जलभराव, पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति ठप होने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है.

दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम(Delhi Weather Update Today)

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज 27 जुलाई को दिनभर काले घने बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. 

उत्तर प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में आज भारी आंधी-पानी का अलर्ट है. विभाग के अनुसार, दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

बिहार में बारिश के आसार

बिहार के पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिल सकती है.

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू, कांगड़ा और उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार, नैनीताल, उत्तरकाशी में आज भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बेहद ज्यादा है. जम्मू-कश्मीर के कठुआ, जम्मू, रियासी, कुपवाड़ा और बारामूला में 70 की स्पीड से हवाएं चलेंगी. महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पुणे और पंजाब के लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली में आज 60 से 65 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी के साथ मूसलाधार बारिश होने का अनुमान जताया गया है.

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का दिखेगा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर और पूर्वी भारत में मानसूनी गतिविधियां तेज हो रही हैं. इसका असर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी देखने को मिलेगा. मुंबई, पुणे और कोंकण क्षेत्र में तेज बारिश की संभावना है, जबकि भोपाल, जबलपुर और इंदौर में भी रुक-रुककर वर्षा हो सकती है. मौसम अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश वाले क्षेत्रों में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

इसे भी पढ़ें:-डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने किया नमन, ओम बिरला और अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *