ओवरहेड लाइन में खराबी होने पर यात्रियों को अब मेट्रो के लिए नहीं करना पड़ेगा अधिक इंतजार

नई दिल्ली। ओवरहेड लाइन में खराबी होने पर यात्रियों को अब मेट्रो के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगर तकनीकी खराबी होने पर अब 2-3 मेट्रो स्टेशनों पर कम दायरे में ही सेवाएं प्रभावित होगी। पूरी लाइन पर सेवाएं नहीं प्रभावित होंगी। अब तक ओवरहेड इलेक्ट्रिक केबल (ओएचई) के खराब होने से 6-10 स्टेशनों पर यात्रियों की सेवाएं प्रभावित हो जाती हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ब्लू, येलो और रेड लाइन पर 26 जगहों पर नए स्विचिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उम्मीद है इस साल के अंत तक सभी स्विचिंग स्टेशन तैयार कर लिए जाएंगे। नए स्विचिंग स्टेशन बनाए जाने से मरम्मत का काम जल्द होगा तो कम स्टेशनों के दायरे में सेवाओं पर तकनीकी खराबी का असर पड़ेगा। इससे लंबी दूरी तक आने जाने वालों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी नहीं होगी। फिलहाल अगर ओएचई में अगर बाराखंभा और मंडी हाउस के बीच खराबी आती है तो इंद्रप्रस्थ से आरके आश्रम के बीच मेट्रो सेवाएं प्रभावित होती हैं। लंबी दूरी होने के बावजूद इन दो स्टेशनों पर ही स्विचिंग की सुविधा होने की वजह से छह स्टेशनों पर मेट्रो की सेवाएं प्रभावित होती हैं। अब नए स्टेशनों के तैयार होने से ओएचई की मरम्मत में देरी नहीं होगी और न ही यात्रियों को मेट्रो के लिए अधिक इंतजार करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *