PM Modi birthday: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जीवन के 76वें साल में प्रवेश कर चुके हैं. दुनियाभर से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है. प्रधानमंत्री के जन्म दिवस को लेकर भाजपा में उत्सव का माहौल है. भाजपा की ओर से सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो चुका है. इनमें सेवा संकल्प अभियान से लेकर आशीर्वाद का दिया शामिल है.
विशेष रैलियां और कार्यक्रम शुरू
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर गुजरात से इस अभियान का आगाज किया है, जबकि दूसरी ओर वाराणसी उनकी लोकसभा सीट से भी विशेष रैलियां और कार्यक्रम शुरू किये गये हैं. इस आयोजन का मकसद देश के दूर-दराज के इलाकों को सीधे तौर पर राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा और सांस्कृतिक एकता के सूत्र से बांधना है.
प्रधानमंत्री के लिए हवन-पूजन
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के एक दिन पूर्व वाराणसी के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर प्रधानमंत्री के लिए हवन-पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट को रख कर सेवा का संकल्प लेकर हवन पूजन हुआ.
एक महीने चलेगा कार्यक्रम
भाजपा का सेवा संकल्प अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा. इस दौरान देश भर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच कैंप और व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी के जन्मदिन पर देश-विदेश के नेताओं ने दी बधाई