PM Modi foreign visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं. विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक UAE, नीदरलैंड , स्वीडन , नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया ऊर्जा संकट, भू-राजनीतिक तनाव, सप्लाई चेन की चुनौतियों और नई तकनीकों की प्रतिस्पर्धा से गुजर रही है. ऐसे में भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, व्यापार और टेक्नोलॉजी सहयोग को विस्तार देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
क्यों खास है UAE का दौरा?
PM मोदी अपने दौरे की शुरुआत 15 मई को UAE के ऑफिशियल दौरे से करेंगे, जहां वे UAE के प्रेसिडेंट मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत करेंगे, यहां पर पीएम मोदी पॉलिटिकल, कल्चरल, इकोनॉमिक और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित बाइलेटरल कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे. सबसे ज्यादा फोकस एनर्जी सहयोग पर रहेगा.
पीएम मोदी का नीदरलैंड दौरा
UAE के बाद प्रधानमंत्री मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड का दौरा करेंगे, जो 2017 के बाद उनकी दूसरी यात्रा होगी. इस दौरान वे किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे तथा प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ वार्ता करेंगे. नीदरलैंड दौरे में सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, जल प्रबंधन, रक्षा, सुरक्षा और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहेगा. भारत खास तौर पर सेमीकंडक्टर तकनीक और IMEC जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र भविष्य की तकनीकी प्रतिस्पर्धा का केंद्र माना जा रहा है.
स्वीडन जाएंगे पीएम मोदी
नीदरलैंड के दौरे के बाद पीएम मोदी 17-18 मई को स्वीडन के गोथेनबर्ग जाएंगे, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के इनविटेशन पर पीएम मोदी का ये दौरा होगा, PM मोदी, PM क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे ताकि द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं का रिव्यू किया जा सके और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए सहयोग के नए रास्ते तलाशे जा सकें. बातचीत में ग्रीन ट्रांजिशन, जलवायु कार्रवाई, उभरती टेक्नॉलॉजीस और मजबूत सप्लाई चेन पर चर्चा होगी.
भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन
दौरे के चौथे चरण में, PM मोदी द्विपक्षीय कार्यक्रमों और तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के लिए 18 से 19 मई तक नॉर्वे का दौरा करेंगे, यह प्रधानमंत्री का नॉर्वे का पहला दौरा होगा और 43 सालों में भारत से किसी प्रधानमंत्री का नॉर्वे का पहला दौरा होगा. अपने दौरे के दौरान PM मोदी किंग हेराल्ड V और क्वीन सोनजा से मिलेंगे, और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे, यहां पर स्वच्छ और हरित टेक्नोलॉजी, ब्लू इकॉनमी (समुद्री मार्ग पर आधारित अर्थव्यवस्था) और भारत-EFTA व्यापार समझौते सहित कई विषयों पर चर्चा होगी. इसके अलावा पीएम मोदी नॉर्वे के PM के साथ भारत-नॉर्वे बिजनेस और रिसर्च समिट को भी संबोधित करेंगे. 19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे.
इटली में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 19 से 20 मई तक इटली का दौरा करेंगे. यहां वे प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मत्तारेला से मुलाकात करेंगे. इटली के साथ भारत का फोकस निवेश, रक्षा, सुरक्षा, विज्ञान और तकनीक तथा स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर रहेगा. दोनों देश पहले से ही ‘जॉइंट स्ट्रैटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029’ पर काम कर रहे हैं. 2025 में भारत और इटली का व्यापार लगभग 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है.
इसे भी पढें:-थोड़ी देर में शुरू होगी प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा, बैकुंठधाम श्मशान घाट पर तैयारियां पूरी