राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर पीएम मोदी ने जताई खुशी, बोले- ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में सार्थक चर्चा

PM Modi France visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर खुशी जाहिर की। दोनों नेताओं ने मिलकर ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत इनोवेट्स 2026 में नीस में हुई चर्चाएं अत्यंत समृद्ध और ज्ञानवर्धक रहीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, नीस में आपसे मिलकर खुशी हुई। ऐसे समय में ‘भारत इनोवेट्स’ में हिस्सा लेने के लिए धन्यवाद, जब हमारे देश ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ मना रहे हैं।”

उन्होंने एक अन्य एक्स पोस्ट में लिखा, “भारत इनोवेट्स 2026 में नीस में हुई चर्चाएं अत्यंत समृद्ध और ज्ञानवर्धक रहीं। मैंने निवेशकों और वेंचर कैपिटल क्षेत्र के नेताओं के साथ भारत में नवाचार, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अपार अवसरों पर सार्थक संवाद किया। भारत की विकास यात्रा प्रतिभा, व्यापक पैमाने, स्थिरता और सुधारों से संचालित है, जो इसे निवेश और नवाचार के लिए एक आकर्षक एवं विश्वसनीय गंतव्य बनाती है।”

बता दें कि पीएम मोदी फ्रांस में आयोजित हो रहे जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। नीस के बाद वह स्लोवाकिया का दौरा करेंगे और दो दिनों तक कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पेरिस पहुंचेंगे और जी7 देशों के साझेदारों से मुलाकात करेंगे। भारत सरकार की ओर से आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसमें 120 भारतीय इनोवेटर्स, 15 उच्च शिक्षण संस्थान (एचईआई) और 500 से ज्यादा निवेशक शामिल हुए। इसके अलावा, बड़े कॉर्पोरेट और वेंचर कैपिटल फर्म के साथ-साथ ग्लोबल सीईओ और इंडस्ट्री लीडर्स भी शामिल मौजूद रहे।

‘भारत इनोवेट्स 2026’ से उम्मीद है कि ग्लोबल इनोवेशन नेटवर्क के साथ भारत का जुड़ाव काफी गहरा होगा और तकनीक से चलने वाले विकास और उद्यमिता के लिए एक लीडिंग हब के तौर पर इसकी स्थिति और मजबूत होगी। इसे भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति ने फरवरी 2026 में मुंबई में मिलकर किया था।

फ्रांस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान प्रस्तावित अमेरिका भारत व्यापार समझौते से संबंधित वार्ता में अब तक हुए विकास पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि, व्हाइट हाउस के अधिकारी का कहना है कि दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर जो बातचीत हो रही है, वह इस बातचीत में फाइनल नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *