राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आंध्र प्रदेश दौरा आज

नई दिल्ली।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को पर्यटन विभाग की प्रसाद परियोजना का उद्घाटन करने के लिए आंध्र प्रदेश के नांदयाल जिले का दौरा करेंगी। इस दौरान वह जिले के श्रीशैल मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए जाएंगी। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति हैदराबाद से हेलीकॉप्टर से मंदिरों के शहर पहुंचेंगी। उनका श्रीशैलम में भगवान मल्लिकार्जुन स्वामी और देवी ब्रम्हांरंभिका मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है। नांदयाल जिला पुलिस राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था कर रही है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय दक्षिण प्रवास के लिए 26 दिसंबर को हैदराबाद पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु हैदराबाद के सिकंदराबाद के बोलारम में निलयम में रुकेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मु 26 दिसंबर को आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम मंदिर जाएंगी और केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के तहत श्रीशैलम मंदिर के विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 दिसंबर को शहर के केशव मेमोरियल स्कूल जाएंगी और छात्रों से बातचीत करेंगी। वह रंगारेड्डी जिले के काना शांति वनम में श्री रामचंद्र मिशन द्वारा फतेहपुर के श्री रामचंद्रजी महाराज के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान’ अभियान की पट्टिका के अनावरण में भी भाग लेंगी। वह हैदराबाद में मिश्रा धातु निगम लिमिटेड (मिधानी) की वाइड प्लेट मिल का भी उद्घाटन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *