रोहतांग, मनाली और लाहौल की चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहे

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग सहित मनाली और लाहौल की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने छह अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। आठ-नौ अक्टूबर तक प्रदेश से मानसून विदा होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। शनिवार को शिमला में सुबह के समय बादल छाए रहे। दोपहर बाद शहर में धूप खिली। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.6, भुंतर में 30.7, बिलासपुर में 30.5, सुंदरनगर में 30.3, चंबा में 30.0, कांगड़ा में 29.6, हमीरपुर में 29.4, नाहन में 28.0, धर्मशाला में 26.8, शिमला में 22.6, केलांग में 21.7, कल्पा में 20.8 और डलहौजी में 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं नगरोटा बगवां में बनेर खड्ड के पानी के तेज बहाव में फंसे दिल्ली के चार युवकों को शनिवार को पुलिस ने फायर ब्रिगेड की सहायता से बचाया। बचाए गए चारों युवक दिल्ली से हिमाचल घूमने आए थे। यह हादसा शनिवार सायं उस समय हुआ जब वह नगरोटा-बलधर रोड से गुजरने वाली बनेर खड्ड में चले गए। इस दौरान अचानक जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से चारों खड्ड के बीच स्थित एक टापू नुमा स्थान में फंस गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *