यूक्रेन से भारतीयों को बाहर निकालने के लिए ढूंढे जा रहे वैकल्पिक रास्ते: भारत

नई दिल्‍ली। रूसी हमले के बाद यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद होने पर अब भारत अपने नागरिकों को युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ते ढूंढने की कोशिश में जुटा है। सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय उच्च स्तरीय बैठक कर रहा है और यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकालने की योजना पर चर्चा हो रही है।

एयरस्पेस बंद होने के बाद यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को लेने जा रही एयर इंडिया की उड़ान को बीच रास्ते से दिल्ली वापस लौटना पड़ा है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार यूक्रेन में मौजूद भारतीय दूतावास में रूसी भाषा बोलने वाले और अधिकारी भेजे गए हैं तथा भारतीय अधिकारियों की तैनाती यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भी की जा रही है।

भारतीय दूतावास की ओर से यूक्रेन में रह रहे भारतीय छात्रों व नागरिकों के लिए कई दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं। भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को कीव यात्रा से भी रोका है। साथ ही अस्थाई तौर से उन्हें अपने शहरों में खासकर पश्चिमी सीमा के पास के देशों से लगती सीमा के पास सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार तेजी से बदलते घटनाक्रमों पर बारीक नजर रखे हुए है। सरकार का फोकस भारतीयों, खासकर विद्यार्थियों की सुरक्षा पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *