देश में लोगों की ऊर्जा जरूरत बढ़ती जा रही है: पीएम मोदी

कर्नाटक। पीएम मोदी ने सोमवार को बेंगलुरु में भारत ऊर्जा सप्ताह 2023 कार्यक्रम में हुए शामिल। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यपाल थावरचंद गहलोत और सीएम बसवराज बोम्मई भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने इंडियन ऑयल द्वारा विकसित सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल का अनावरण किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपना संबोधन भी दिया। अपने संबोधन में सबसे पहले उन्होंने तुर्किए के भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई। पीएम मोदी ने कहा कि इस समय तुर्की में आए भूकंप पर हम सभी की नजर बनी हुई है। कई लोगों की मृत्यु और काफी नुकसान की खबरें हैं। तुर्की के आसपास के देशों में भी नुकसान की आशंका है। भारत भूकंप पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए तत्पर है।

बेंगलुरु टेक्नोलॉजी, टैलेंट और इनोवेशन की एनर्जी से भरा शहर:-
पीएम मोदी ने कहा कि बेंगलुरु टेक्नोलॉजी, टैलेंट और इनोवेशन की एनर्जी से भरा एक शहर है। मेरी तरह आप भी यहां के युवा ऊर्जा को अनुभव कर रहे होंगे। ये भारत की जी-20 प्रेसिडेंसी कैलेंडर का पहला बड़ा एनर्जी इवेंट है।

देश में लोगों की ऊर्जा जरूरत बढ़ती जा रही:-
पीएम मोदी ने कहा कि देश में ऊर्जा की जरूरत लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए हमारी सरकार हर मोर्चे पर तैयार है। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ चल रहे भारत में ऊर्जा क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व संभावनाएं हैं। 21वीं सदी में दुनिया के भविष्य को तय करने में ऊर्जा क्षेत्र एक प्रमुख भूमिका निभाता है। ऊर्जा के नए संसाधनों को विकसित करने और ऊर्जा परिवर्तन में आज भारत सबसे मजबूत आवाजों में से एक है।

पीएम ने आगे कहा, “आईएमएफ द्वारा हाल ही में किए गए विकास प्रक्षेपण से पता चलता है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। उन्होंने कहा कि महामारी और युद्ध के प्रभाव के बावजूद 2022 में भारत एक ‘ग्लोबल ब्राइट स्पॉट’ रहा है।

महामारी और युद्ध के प्रभाव के बावजूद भारत ने सबसे अच्छा किया:-
पीएम मोदी ने कहा कि महामारी और युद्ध के प्रभाव के बावजूद 2022 में भारत का एक वैश्विक उज्ज्वल स्थान रहा है। बाहरी परिस्थितियां जो भी रहीं लेकिन भारत ने आंतरिक लचीलापन की वजह से हर चुनौती को पार किया।

आठ फरवरी तक चलेगा भारत ऊर्जा सप्ताह:-
भारत ऊर्जा सप्ताह (IEW) 2023 आठ फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद ऊर्जा परिवर्तन के केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती ताकत को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और गैर पारंपरिक ऊर्जा उद्योग, सरकार के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ एक मंच पर आएंगे और ऊर्जा परिवर्तन के समक्ष चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करेंगे।

पीएम मोदी 20 प्रतिशत एथनॉल के साथ मिश्रित पेट्रोल भी लॉन्च करेंगे। जिसके बाद 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 84 खुदरा पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन (E20 fuel) की बिक्री शुरू हो जाएगी। E20 पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत एथनॉल का मिश्रण है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *