शिमला शहर में हुई सीजन की पहली बर्फबारी….

हिमाचल प्रदेश। शिमला शहर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जाखू में तीन से चार इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी से कई एंबुलेंस मार्ग, पैदल रास्ते बंद हो गए हैं। नगर निगम ने इन्हें साफ कर यातायात बहाल करने के लिए कर्मचारी तैनात किए हैं। कुफरी, छराबड़ा में 4 इंच बर्फबारी हुई है। सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद है। शिमला पुलिस ने आम जनता व पर्यटकों से आग्रह किया है कि संयम बनाए रखे। पुलिस की सहायता करे। ढली पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है। किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति और सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी के लिए 112 या इंचार्ज पुलिस चौकी कुफरी 8894728047, एसएचओ थाना ढली के मोबाइल नंबर पर 8894728016 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं शिमला में ज्यादातर रोड खुले हैं। रिज, जाखू, बेनमोर, लक्कड़ बाजार में स्लीपरी होने की वजह से दिक्कत है। बता दें कि खडापथर में 1 इंच, चौपाल में 2 इंच, नारकंडा मे 2 इंच बर्फबारी हुई है। ताजा हिमपात से बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कुफरी-फागू हाईवे पर लोनिवि के दो दर्जन कर्मियों समेत एक दर्जन मशीनें बर्फ हटाने में लगी हैं। इसके बाद कैल्शियम क्लोराइड की स्प्रे से बर्फ को पिघलाकर यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हिमपात के बाद सड़कें खुलवाने के लिए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर साझा किया है। प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में हिमपात से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। 250 से ज्यादा सड़कें बंद व सैकड़ों बस रूट प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को क्षेत्रवार रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इन दो दिनों के दौरान मैदानी जिलों में झमाझम बारिश और मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं सोमवार से मौसम में सुधार आने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही कई क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा जिला के कई क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *