डायबिटीज के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है ये फल…

हेल्‍थ। शरीर को सुचारु ढंग से काम करते रहने के लिए रोजाना कई प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। ये पोषक तत्व शरीर के अंगों को स्वस्थ बनाए रखने के साथ कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं। लेकिन अलग-अलग पोषक तत्वों के लिए हमें कई तरह की चीजों के सेवन की आवश्यकता होती है। कीवी को स्वास्थ्य विशेषज्ञ ऐसा बेहद कारगर फल मानते हैं जो कई प्रकार से हमारी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।

कीवी फल विटामिन-सी के सबसे समृद्ध स्रोतों में से एक है। कीवी फल की सिर्फ एक सर्विंग विटामिन-सी के दैनिक जरूरतों का 117 प्रतिशत और डायट्री फाइबर का 21 प्रतिशत तक प्रदान कर सकती है। इसमें संतरे या नींबू से दोगुनी मात्रा में विटामिन-सी होता है। इसके अलावा इस फल के सेवन से कई प्रकार के अन्य पोषक तत्व भी आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं जो शरीर के लिए काफी लाभकारी हो सकते हैं। आइए इससे सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।

इम्युनिटी बढ़ाने के लिए कारगर:-
कीवी फल का सेवन करना आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में काफी सहायक हो सकता है, इसका प्रमुख कारण इसमें मौजूद विटामिन-सी की प्रचुर मात्रा होती है। कीवी में विटामिन-सी के साथ, एंटी-ऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं जो इम्युनिटी बढ़ाने के साथ कई प्रकार के रोगों से सुरक्षित रखने में आपके लिए सहायक हैं। कीवी फ्रूट का नियमित सेवन अस्थमा के लक्षणों को भी कम करता है।

डायबिटीज रोगियों के लिए लाभकारी :-
कीवी फल का सेवन डायबिटीज के शिकार लोगों की सेहत को बेहतर रखने में भी सहायक हो सकता है। चूंकि इस फल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है ऐसे में यह ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में कारगर हो सकता है। इस फल के सेवन से सेरोटोनिन को बढ़ावा देने वाले रसायन भी प्रेरित होते हैं जो आपको रात की अच्छी नींद पाने में सहायक हैं। डायबिटीज के रोगियों को रोजाना एक कीवी फल जरूर खाना चाहिए।

हृदय को मिलती है सुरक्षा:-
कीवी फल में विटामिन ई, सी और पोटेशियम भी पाया जाता है जो धमनियों को स्वस्थ रखने के साथ आपको कई प्रकार की अन्य समस्याओं से सुरक्षित रखने में मदद करता है। यह हृदय के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। हृदय के अलावा विटामिन-ई त्वचा को स्वस्थ रखने, इसकी बनावट और चमक को भी बढ़ाने में आपके लिए सहायक है। नियमित रूप से इसके सेवन से शरीर को कई प्रकार के लाभ मिल सकते हैं।

कीवी के सेवन की बनाइए आदत:-
कई प्रकार के पोषक तत्वों के साथ कीवी में ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन जैसे फाइटोकेमिकल्स और पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मदद करते हैं। ऐसे में जिन लोगों को एनीमिया की समस्या होती है उनके लिए भी नियमित रूप से इस फल का सेवन करना विशेष लाभकारी हो सकता है। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए ये पोषक तत्व बेहद प्रभावी हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *