उत्तराखंड में इस बार 15 से 20 दिन ज्यादा पड़ सकती है ठंड

उत्तराखंड। राजधानी दून और आसपास के इलाकों में इस वर्ष सर्दियां 15 से 20 दिन तक ज्यादा रह सकती हैं। अधिकांश क्षेत्रों में मार्च मध्य तक ठंड रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस वर्ष सभी इलाकों में ज्यादा दिनों तक ठंड होगी। मौसम विभाग विशेषज्ञों के अनुसार जलवायु परिवर्तन व अलनीनो प्रभाव के चलते भारत समेत दुनिया के तमाम देशों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसके कारण गर्मियां भी बढ़ी हैं और सर्दियों में भी इजाफा होने का अनुमान है। सर्दियों के दिन बढ़ने और न्यूनतम तापमान में कमी का असर राजधानी के सभी क्षेत्रों के मौसम पर दिखेगा। राज्य के अन्य हिस्सों पर भी इसका असर देखा जा सकता है। अभी ज्यादातर मैदानी और पहाड़ी इलाकों में ठंड शुरू हो गई है। अगले कुछ दिनों में सभी इलाकों में ठंड बढ़ जाएगी। अभी लोगों ने सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। हवा में जिस तरह ठंडक बढ़ रही है, उसको देखते हुए अगले कुछ दिनों में लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में नजर आ सकते हैं। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ने से लोगों की दिक्कत बढ़ेगी। इससे सुबह और शाम के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। रात को भी न्यूनतम तापमान कम बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *